Posts

Showing posts from May, 2021

संभावनाएं

Image
सर्द शाम की वो मुलाक़ात जब धुंध की गहरी परत फैली हुई थी, हम दोनों के बीच.... उसी रोज, मैंने, जी जा सकने वाली अनगिनत संभावनाओं को समेट लिया था हमारे प्यार के भीतर.... - शालिनी पाण्डेय

तेरा होना

Image
मेरा आंगन अक़्सर भरा होता है तेरे होने की कल्पनाओं से, दूरियों की धूप तले छांव है  अहसास तेरे होने का, पंछी के सांझ की आस है अहसास तेरे होने का, हताश समय में हौसला है अहसास तेरे होने का, अहसास 'तेरे होने का' ही है  अहसास मेरे होने का.... - शालिनी पाण्डेय

दर्द के लम्हें

Image
अगर मुझे चुनाव करना हो खुशी और दर्द के बीच मिलने वाले तुम्हारे साथ का, तो मैं दर्द का चुनाव करूँगी। मेरे लिए दर्द के लम्हें ज्यादा कीमती है। क्योंकि मैंने अक्सर ऐसा महसूस किया है कि दर्द के दिनों में साथ बिताए खामोशी के लम्हें,  दो प्यार करने वालों को और करीब ले आते है।  हाँ, और ऐसी बात नही है कि खुशियों के लम्हें उन्हें करीब नहीं लाते। खुशियों के लम्हें रिश्ते को भर देते है नई ऊर्जाओं से और नई संभावनाओं से। लेकिन साथ बिताए दर्द के लम्हों में जितनी गहराती है खामोशी, उतना ही गहराता जाता है प्रेम भी। - शालिनी पाण्डेय