Posts

Showing posts with the label love

तुम और यात्राएँ

  तुम और ये यात्राएँ, दोनों ही मेरे अस्तित्व के दो अभिन्न अध्याय हो और मेरे हृदय के सबसे अंतरंग कोनों में बसते हो। एक तुम हो, जो मेरे भीतर की नीरवता में संगीत भरते हो; और दूसरी ये यात्राएँ हैं जो मुझे उस संगीत की लय पर चलना सिखाती हैं। इन पहाड़ों की चुप्पी में, इन वादियों की सर्द हवा में, किसी अनकहे प्रेम का स्पर्श टिका रहता है - जैसे प्रकृति स्वयं हमारे हृदय की प्रेम रूपी भाषा को जानती हो। सुबह की पहली किरण में चमकती हुई, बर्फ़ से ढकी पर्वत चोटियाँ, मुझे बार-बार याद दिलाती हैं कि ऊँचाई पाने के लिए कठिनाई से गुजरना ही पड़ता है। जब कभी हम उन ऊँचे-नीचे रास्तों पर साथ चलते हैं, कभी फिसलते हैं, कभी थमकर साँस लेते हैं, तो लगता है जैसे जीवन का अर्थ भी यही है- गिरना, सम्भलना, और फिर साहस बटोर कर साथ आगे को बढ़ते जाना। सर्द हवाओं में जब अंगुलियाँ सुन्न हो जाती हैं, तब तुम्हारे हाथ की गर्माहट किसी सूरज की पहली किरण-सी लगती है। तुम्हारी उपस्थिति उस निःशब्द वातावरण में भी शब्दों से अधिक बोलती है। और जब रात उतरती है; पहाड़ों पर, पेड़ों के झुरमुटों पर, हमारे चेहरों पर, तो तारों की टिमटिमाहट मुझ...

तुम्हारे बारे में

Image
तुम्हारे बारे में जितना भी जिक्र करूँ कम है... तुम्हारी याद में जितनी भी कविताएं लिखूं कम है... तुम्हारे साथ में जितनी भी यात्राएं करूँ  कम है... तुम्हारे विछोह में जितनी भी आहें भरूँ कम है..... -शालिनी पाण्डेय 

लंबी यात्रा

मैंने पूछा कैसी चल रही तैयारी? उसने कहा - लंबी यात्रा है। मैंने कहा- ये जीवन एक यात्रा ही तो है, तुम क्या हम सभी इस यात्रा के यात्री है। - शालिनी पाण्डेय

जब मैं लौट आयी हूं

Image
अब जब मैं लौट आयी हूं पहाड़ पर, तो सारे नजारों को मैं अपने भीतर समेट लेना चाहती हूं। भीड़ से अलग पहाड़ के जीवन में एक अलग सुकून है, बीते वक़्त की ग्लानि, भविष्य की चिंताओं से परे, हर लम्हें को बस जीते जाने का मन करता है। यहां के पेड़, पहाड़, रास्तों की तरह हर अजनबी की आंख में भी  थोड़ा अपनापन है शाम की ठंडी बयार जैसे  यहाँ जीवन धीमा सा संगीत लिए  बह रहा है....   -शालिनी पाण्डेय

आलिंगन

Image
दिन भर की बरसात के बाद रात ने ओढ़ ली एक गहरी खामोशी  मानो जैसे बहुत स्नेह से प्रेमी ने उसे आलिंगन कर लिया हो। - शालिनी पाण्डेय

संभावनाएं

Image
सर्द शाम की वो मुलाक़ात जब धुंध की गहरी परत फैली हुई थी, हम दोनों के बीच.... उसी रोज, मैंने, जी जा सकने वाली अनगिनत संभावनाओं को समेट लिया था हमारे प्यार के भीतर.... - शालिनी पाण्डेय

दर्द के लम्हें

Image
अगर मुझे चुनाव करना हो खुशी और दर्द के बीच मिलने वाले तुम्हारे साथ का, तो मैं दर्द का चुनाव करूँगी। मेरे लिए दर्द के लम्हें ज्यादा कीमती है। क्योंकि मैंने अक्सर ऐसा महसूस किया है कि दर्द के दिनों में साथ बिताए खामोशी के लम्हें,  दो प्यार करने वालों को और करीब ले आते है।  हाँ, और ऐसी बात नही है कि खुशियों के लम्हें उन्हें करीब नहीं लाते। खुशियों के लम्हें रिश्ते को भर देते है नई ऊर्जाओं से और नई संभावनाओं से। लेकिन साथ बिताए दर्द के लम्हों में जितनी गहराती है खामोशी, उतना ही गहराता जाता है प्रेम भी। - शालिनी पाण्डेय

पहाड़ के जीवन में

Image
आत्मा को डुबो देने वाला एक सौन्दर्य है पहाड़ के जीवन में, हवा के साथ बहता भीना सा एक संगीत है पहाड़ के जीवन में, वर्षों का पुराना इतिहास, पुरखों का आशीष है पहाड़ के जीवन में,  और बहुत सारा प्यार , अपनापन है पहाड़ के जीवन में...  -शालिनी पाण्डेय 

जवान होने के सफर में

Image
जवान होने के सफर में लड़कियां स्वीकार कर लेती है निर्धारित की गई अपनी नियति, वो सीख लेती है  अपने सपनों को उधेड़  किसी और के दरवाजे के लिए  क्रोशिया सीना; और निकल पड़ती हैं कभी ना खत्म होने वाली आदर्श स्त्री बन पाने की दौड़ में... - शालिनी पाण्डेय 

विस्थापित

Image
घर की वस्तुओं को  बदला जा सकता हैं ,  चीज़ों को विस्थापित  किया जा सकता हैं, लेकिन, नहीं बदला जा सकता है  तुम्हारे लिए मेरे प्रेम को; ना ही विस्थापित  किया जा सकता है तुम्हें किसी और प्रेमी से। - शालिनी पाण्डेय

साधना

Image
तुम्हारी प्रेमिका हो जाने में न केवल जुड़ी हुई हैं संवेदनाएं और भावनाएं; बल्कि, इस प्रेम के साथ जुड़ी हुई है, साधना परम सत्य को खोजने की... - शालिनी पाण्डेय 

तुम्हारी यादें

Image
तुम्हारी यादें  मेरे घर की  सभी चीजों को घेरे हुए है, चाहे वो चाय की प्याली हो या मेज पर पड़ी किताब मेरे घर की बालकॉनी,  रोशनदान, छत, दीवार, खिड़की, दरवाज़े सब तुम्हारी यादों से पटे हुए है काश! इन यादों जैसे तुम भी होते मौजूद  इस घर के किसी हिस्से में... - शालिनी पाण्डेय

मिलना

Image
जीवन की  उबड़-खाबड़ राह के  एक मोड़ पर  किसी रोज तुम मिले  मिलना यूँ तो एक  क्रिया है  पर तुम्हारा मिलना  एक एहसास है  वो एहसास जो  बाधें रखता है  प्राणों को शरीर से  ठीक वैसे ही जैसे  डोरें बाधें रहती हैं  नाव को छोर से  खाली वक़्त में  - शालिनी पाण्डेय 

चरवाहे

Image
एक रोज  मैं चली आऊँगी तुम्हारे पास, ठीक वैसे ही  जैसे  लौट आते है चरवाहे  शिशिर के बाद अपने-अपने घरों को... -शालिनी पाण्डेय

तुम्हारे लिए

Image
बनाई जा चुकी है  सुंदर तस्वीरें लिखे जा चुके है  सुंदर गीत, लेकिन फिर भी मैं रचना चाहूँगी  कुछ कविताएं,  खींचना चाहूँगी कुछ तस्वीरें सिर्फ तुम्हारे लिए... - शालिनी पाण्डेय

नए प्रतिमान

Image
प्रेम के नए प्रतिमान गढ़ने  की मुझे कोई इच्छा नहीं, मैं नहीं बनना चाहती एक आदर्श प्रेमिका और ना ही चाहती हूँ  निष्कलंक जीवन, मैं बस  जी लेना चाहती हूं दुःख और आनंद के उन लम्हों को  जो हर मुलाक़ात के साथ तुम छोड़ जाते हो.. -शालिनी पाण्डेय

छप्पर

Image
पहाड़ की यादों को समेटकर मैंने बना लिया है छप्पर, खरीद ली है कुछ भेड़े जिन्हें चराते हुए, फाग गाते हुए, बुग्यालों और गधेरों को पार कर मैं रोज़ थोड़ा -थोड़ा  चली आती हूं  तुम्हारी ओर को  सांझ अपने घर में बिताने.... - शालिनी पाण्डेय 

तुम्हारी प्रेमिका

तुमने कभी नहीं बताया कि तुम्हें मैं  किन कपड़ों में  ज्यादा अच्छी लगती हूँ तुमने कभी नहीं कहा कि मुझे कुछ करने से पहले तुमसे इजाजत लेनी चाहिए तुमने ना तो कभी  कोई वादा किया ना ही कसमें खाई साथ में जीने-मरने की तुमने बहुत नज़रे चुराई ताकि मैं ना पढ़ सकूँ तुम्हारी आँखों पर चमक  उठने वाले प्रेम को और ना ही  तुमने कभी भी चाहा  कि मैं महसूस करूं तुम्हारे भीतर के दुःखों को तुमने बहुत जतन किये  कि मैं ना पहुँच पाऊं  तुम्हें अंतर्मन तक लेकिन देखो ना तुम्हारे कुछ ना कहने  और ना करने से भी तुम्हारे लिए मेरे प्रेम में  कोई फर्क नहीं पड़ा, मैं थी कल भी तुम्हारी प्रेमिका  हूँ आज भी और  रहूंगी हमेशा ही। - शालिनी पाण्डेय

क्या तुम मुझे याद करोगे?

Image
  क्या तुम मुझे याद करोगे? जब सांझ में दूर पहाड़ी से  टकराकर आती आवाज़ेंं  तुम्हें सुनाया करेगी  तन्हाइयों भरा राग.... क्या तुम मुझे याद करोगे? जब बारिश की झमाझम पत्तों, टहनियों से गिरते हुए तुम्हारे किवाड़ के सामने गुनगुनायेगी सावन का गीत ... क्या तुम मुझे याद करोगे? जब मैं समा जाऊंगी काले स्याह आकाश में, फिर से किसी पहाड़ पर फ्योंली बनकर फूटने के लिए... -शालिनी पाण्डेय 

संभावनाएं

Image
जटिल परिस्थिति, घनघोर उदासी और अनमनेपन से बिखर रहे जीवन को; तुम्हारा साथ  नई संभावनाओं, उजली आशाओं से भर जाता है....  - शालिनी पाण्डेय