Skip to main content

अंतिम अरण्य - पुस्तक समीक्षा

अंतिम अरण्य निर्मल वर्मा द्वारा लिखा गया उपन्यास है। आखिरी रचना के तौर पर यह उपन्यास उनके द्वारा लिखा गया। निर्मल वर्मा नई कहानी आंदोलन के एक प्रणेता के तौर पर जाने जाते है। उनके द्वारा लिखी गई कहानी 'परिंदें' मैंने सर्वप्रथम पढ़ी थी।  यह उपन्यास वृद्धावस्था, स्मृति और मृत्यु के प्रश्नों के आसपास केन्द्रित है। अंतिम अरण्य न केवल एक कहानी है बल्कि स्मृति, मृत्यु और पहचान के सवालों पर निर्मल वर्मा की अंतिम, परिपक्व और चिंतनशील प्रस्तुति है।

कथा एक छोटे पहाड़ी टाउन के परिवेश में चलती है जहाँ मेहरा साहब नामक वृद्ध पुरुष उपन्यास का केन्द्रीय पात्र है। उनकी पत्नी दीवा का जिक्र और उनकी एक बेटी तिया भी कथानक में आते हैं; कस्बे में एक जर्मन महिला अन्ना (Anna) तथा डॉ. सिंह, निरंजन बाबू, मुरलीधर आदि सहचरित्र मौजूद हैं। स्मृतियाँ अलग-अलग अध्यायों/खंडों में स्वतंत्र-स्वरूप रूप में आती हैं और एक समग्र ‘स्मृतिलोक’ बनाती हैं; इसलिए उपन्यास में घटनाओं की रैखिकता कम और स्मृतियों-केन्द्रित संरचना अधिक है।

उपन्यास का परिवेश पहाड़ों और जंगलों का है। उपन्यास में पहाड़ और उसका सन्नाटा केवल पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि एक जीवित पात्र की तरह काम करता है।  पहाड़ का सन्नाटा, पेड़ों की छाया और मौसम का बदलाव, सब मेहरा साहब के मन के भीतर चल रही भावनाओं को, अस्तित्वगत प्रश्नों को और गहरा बना देते हैं।  निर्मल वर्मा का अंतर्वस्तु (interior landscape) बाहर के सामाजिक-राजनैतिक विमर्शों से अलग बैठता है; उनका ज़्यादा ध्यान मानवीय संबंधों, चुप्पियों और आंतरिक चेतना पर है, जैसे - 

“कुछ लोग सुखी नहीं होते, लेकिन उनमें कुछ ऐसा होता है, जिसे देखकर हम अपने को बहुत छोटा-सा महसूस करते हैं। वे किसी दूसरे ग्रह के जीव जान पड़ते हैं…”

उपन्यास में सभी किरदार  मानवता के अस्तित्वगत प्रश्नों की खोज करते हुए दिखते है।उपन्यास वृद्धावस्था के मनोअवस्था और मृत्यु के निकट-आगमन की सूक्ष्म विवेचना करता है। मेहरा साहब बूढ़े हो चुके हैं, उनका शरीर थक चुका है और वे मृत्यु की आहट को महसूस करते हैं। मेहरा साहब अक्सर अपने अतीत को याद करते हैं- पुरानी बातें, रिश्ते और अनुभव। ये स्मृतियाँ कभी उन्हें सुकून देती हैं तो कभी दुख। जिसे पढ़ते हुए हमें  समझ आता है कि हमारी यादें सिर्फ व्यक्तिगत नहीं होतीं, बल्कि वे हमारे पूरे जीवन की पहचान बन जाती हैं। उपन्यास यह दिखाता है कि इंसान की पहचान केवल वर्तमान से नहीं, बल्कि उसकी यादों और अनुभवों से भी बनती है। यह हमें अतीत और स्मृतियों की ताक़त समझाता है। यह उपन्यास हमें सोचने पर मजबूर करता है कि उम्र बढ़ने के साथ मनुष्य के भीतर किस तरह की भावनाएँ, डर और उम्मीदें जन्म लेती हैं। उदाहरण के तौर पर- 

''वह मुझे पूरा ही देखती थी, जैसा में था, मैं ही उनके सामने अपने को छूटा हुआ पाता था .... यह नहीं कि जैसा वो मुझे देख रही है, वैसा मैं नहीं  था, बल्कि उनके देखते ही मैं वह हो जाता था, जो मैं कहीं पीछे छोड़ आया था.. ..''

उम्र बढ़ने पर अक्सर लोग अकेलापन महसूस करते होंगें । उपन्यास में मेहरा साहब का अकेलापन बहुत गहराई से दिखाया गया है। यह अकेलापन केवल बाहरी नहीं है, बल्कि भीतर का भी है, जहाँ इंसान खुद अपने साथ संवाद करता है। उपन्यास में मेहरा साहब की  बेटी, पत्नी, परिचित लोग और कस्बे के कुछ अन्य पात्र भी हैं। लेकिन जैसे-जैसे जीवन का अंतिम समय करीब आता है, वैसे-वैसे रिश्तों की प्राथमिकता बदल जाती है। कभी ये रिश्ते सहारा बनते हैं तो कभी और अधिक खालीपन का एहसास कराते हैं।

अंततः यह उपन्यास हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि जीवन का असली अर्थ क्या है। क्या यह केवल जी लेना है? या यह यादों और अनुभवों को संजोना है? या फिर मृत्यु का सामना शांति से करना ही इसका सबसे बड़ा सत्य है?

“कैसी विचित्र बात है, सुखी दिनों में हमें अनिष्ट की छाया सबसे साफ़ दिखाई देती है, जैसे हमें विश्वास न हो कि हम सुख के लिए बने हैं। हम उसे छूते हुए डरते है। दुख से बचना मुश्किल है, पर सुख को खो देना कितना आसान है।”

अंतिम अरण्य केवल एक कहानी नहीं बल्कि जीवन के अंतिम पड़ाव की दार्शनिक यात्रा है, जो हर पाठक को अपने जीवन और अनुभवों पर दोबारा सोचने के लिए प्रेरित करती है। उपन्यास केवल कहानी नहीं, बल्कि जीवन के अर्थ, आत्मचिंतन और मानवीय अस्तित्व पर विचार करने का अवसर देता है। यह पाठक को भीतर तक झकझोरता है। ‘अंतिम अरण्य’ पढ़ना अपने भीतर झाँकने जैसा अनुभव है। यह केवल साहित्यिक आनंद नहीं देता, बल्कि जीवन के सबसे गहरे प्रश्नों से हमारा सामना भी कराता है।

''समय वहाँ-वहाँ है, जहाँ-जहाँ हम बीते है। हमारे भीतर का साक्षी स्टेशन, जो हमारी हर विदाई का गवाह होने पर भी स्वयं एक जगह स्थिर रहता है .....''


- डॉ शालिनी पाण्डेय 

Comments

Popular posts from this blog

हिमालय की अछूती खूबसूरती: पंचाचूली बेस कैंप ट्रैक

राहुल सांकृत्यायन मानते थे कि घुमक्कड़ी मानव-मन की मुक्ति का साधन होने के साथ-साथ अपने क्षितिज विस्तार का भी साधन है। उन्होंने कहा भी था कि- "कमर बाँध लो भावी घुमक्कड़ों, संसार तुम्हारे स्वागत के लिए बेकरार है।" इसी से प्रेरणा लेते हुए हमने भी कमर कस ली और हम निकल पड़े पंचाचूली के दर्शन करने के लिए। घुमक्कड़ी चेतना के लिहाज से नए वर्ष 2024 के दिन किया गया यह ट्रैक मेरे लिए बहुत अविस्मरणीय है । यह यात्रा बहुत अचानक से ही आयोजित हुई, और इसके सफल कार्यान्वयन को लेकर सुबह तक असमंजस की स्थिति बनी हुई थी।  लेकिन अंततः यह यात्रा हम कर पाये।  यात्रा के पहले दिन हम सुबह 6 बजे पिथौरागढ़ से धारचूला आए, फिर यहां से फिरमाल जी की टीम दारमा घाटी के सीमांत गांव हमें बालिंग तक ले गई। हम शाम के 4 बजे हिमालय की गोद में बसे इस गांव में पहुंचे और दो रात हमने यहां फाइबर ग्लास के बने इग्लूनुमा होम स्टे में बिताई। यहां का मौसम काफ़ी ठंडा था, सुबह - शाम को काफी तेज ठंडी हवाएं चल रही थी। पानी इतना ठंडा था कि छूते ही कंपन सा महसूस हो रहा था। ठण्ड अधिक होने के कारण नल से निकला हुआ पानी जम जा रहा था। रात...

दीवार में एक खिड़की रहती थी- पुस्तक समीक्षा

‘दीवार में एक खिड़की रहती थी’ विनोद कुमार शुक्ल जी का लिखा हुआ एक उपन्यास है। इस उपन्यास को वर्ष 1999 के साहित्य अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। शुक्ल जी द्वारा लिखित, मेरे द्वारा पढ़ा गया यह पहला उपन्यास है। यह उपन्यास लंबे समय से मेरी पठन सूची में था, लेकिन इसे पढ़ना उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त होने के बाद ही संभव हो पाया। यह उपन्यास काफी संक्षिप्त है, केवल 250 पन्नों का। यह उपन्यास अपने नाम की तरह ही अनोखा है। इसे पढ़ते हुए लगता है जैसे हम किसी ठहरे हुए, धीमे-धीमे खुलते जीवन के भीतर प्रवेश करते जा रहे हों। उपन्यास की कहानी एक निम्न मध्यम वर्ग के साधारण किरदार रघुवर प्रसाद (गणित के प्राध्यापक) और सोनसी से संबंधित है, जो अपने एक छोटे-से कमरे में रहते हुए, रोज़मर्रा की दिक़्क़तों के बीच अपने सपनों और भावनाओं के लिए जगह तलाशते हैं। उपन्यास में दीवार और खिड़की केवल ईंट-पत्थर की चीज़ें ना हो कर, एक प्रतीक हैं। दीवार प्रतीक है - स्थिरता, बंधन और रोज़मर्रा के जीवन का, जबकि खिड़की प्रतीक प्रत्येक है- संभावना, उम्मीद और खूबसूरती का। दीवार में रह रही यह खिड़की हमारे जीवन का खु...

A way towards PEACE

Most people live whether physically, intellectually or morally- in a very restricted circle of their potential being. We all have reservoir of life to drew upon of which we do not dream.                          - William James In the book entitled "The Monk who sold his Ferrari" by Robin Sharma, the great sages of Shivana told a feble to Julian. Julian was a famous law practitioner, who got heart attack in the middle of court room due to the hyper- competitive legal professional world. Then he took retirement from his legal world and he went to the Sages of Sivana in order to find out peace. The great Yogi Raman told a feble to Julian Mental. In that feble, he told about a garden, which was a symbol for the human mind. The sages of Shivana told certain benefitial things like which I would like to share: If you care about your mind, if you nurture it and if you cu...